IPL से बाहर मुस्तफिजुर: खेल और सनातन की टकराहट में आया निर्णायक मोड़
SPORT


बीसीसीआई के फैसले को विहिप ने बताया करोड़ों सनातनियों की जीत, कहा—खेल और कत्लेआम साथ नहीं चल सकते
वाराणसी, 3 जनवरी 2026– भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव और अल्पसंख्यकों (हिंदुओं) पर हमलों की पृष्ठभूमि में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का एक बड़ा फैसला सामने आया है। बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज करने के निर्देश ने खेल जगत से लेकर सामाजिक संगठनों तक हलचल मचा दी है। इस फैसले को विश्व हिंदू परिषद ने “सनातनियों की जीत” करार दिया है और साफ कहा है कि खेल और कत्लेआम एक साथ नहीं चल सकते।
नीलामी से बैन तक की कहानी
पिछले महीने हुई खिलाड़ियों की नीलामी में KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनका आधार मूल्य मात्र दो करोड़ था और चेन्नई सुपर किंग्स व दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद कोलकाता ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। लेकिन बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हुए हमलों और एक हिंदू व्यक्ति की हत्या ने हालात बदल दिए। भारत में इस मुद्दे पर दबाव बढ़ा और बीसीसीआई को हस्तक्षेप करना पड़ा।
शाहरुख खान पर विरोध की लहर
मुस्तफिजुर की खरीद को लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान पर हिंदू संगठनों ने तीखा विरोध जताया। आरोप लगाया गया कि जब बांग्लादेश में हिंदुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है, तब वहां के खिलाड़ियों को खरीदना देशद्रोह है। विश्व हिंदू परिषद के काशी महानगर मंत्री कन्हैया सिंह ने शाहरुख को “गद्दार” तक कह डाला और कहा कि यह कदम भारत की भावनाओं के खिलाफ है।
विहिप का दावा—सनातनियों की जीत
बीसीसीआई के निर्देश के बाद विहिप नेता कन्हैया सिंह ने इसे करोड़ों सनातनियों की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला भारत सरकार और बीसीसीआई द्वारा देश की भावनाओं का सम्मान है। सिंह ने जोर देकर कहा कि यह संदेश साफ है—खेल के नाम पर किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा।
खेल और कत्लेआम साथ नहीं
कन्हैया सिंह ने आगे कहा कि भारतवासी अपने सम्मान के खिलाफ कोई काम बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि खेल और कत्लेआम एक साथ नहीं चल सकते। जब तक बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार नहीं होगा, विरोध जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि भारत सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
बीसीसीआई का आधिकारिक बयान
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की कि KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के लिए कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल की घटनाओं के चलते यह निर्णय लिया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर KKR किसी अन्य खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल कर सकती है।


